छत्तीसगढ़

जिले में गर्मी एवं हीटवेव से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी

कवर्धा, 14 मार्च 2026/sns/-जिले में गर्मी का मौसम प्रारंभ हो गया है। संभावित लू (हीटवेव) एवं अत्यधिक तापमान को ध्यान में रखते हुए जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी द्वारा जिलेवासियों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। नागरिकों से अपील की गई है कि गर्मी के पहले तथा गर्मी के दौरान आवश्यक सावधानियां अपनाकर स्वयं, परिवार, बच्चों, बुजुर्गों एवं पशुओं को सुरक्षित रखें।
जारी एडवाइजरी के अनुसार जहां तक संभव हो तेज धूप में बाहर जाने से बचें, विशेषकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर के अंदर या छायादार स्थान पर रहें। प्यास न लगने पर भी समय-समय पर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा यात्रा के दौरान अपने साथ पीने का पानी अवश्य रखें। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें तथा धूप में निकलते समय छाता, टोपी, चश्मा, जूते-चप्पल का उपयोग करें और सिर को कपड़े या तौलिये से ढककर रखें।
अत्यधिक गर्मी के समय अधिक ऊर्जा एवं शक्ति लगाने वाले कार्यों से बचें। यदि बाहर कार्य करना आवश्यक हो तो बीच-बीच में विश्राम करें तथा गीले कपड़े या छाते का उपयोग करें। हल्का एवं सुपाच्य भोजन करें तथा पानी की मात्रा से भरपूर फल जैसे तरबूज, खरबूजा, ककड़ी आदि का सेवन करें। बासी भोजन, अधिक मसालेदार भोजन तथा अधिक प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करें। घर में बने पेय पदार्थ जैसे नींबू पानी, छाछ, लस्सी, जूस आदि का उपयोग करें तथा शराब, चाय, कॉफी एवं कार्बोनेटेड पेय पदार्थों का सेवन कम करें।
बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें। पशुओं को छायादार स्थान पर रखें तथा उन्हें पीने के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं। घर को ठंडा रखने के लिए पर्दे, शटर या सनशेड का उपयोग करें, रात के समय खिड़कियां खोलकर वेंटिलेशन बनाए रखें तथा स्थानीय मौसम पूर्वानुमान की जानकारी लेते रहें। बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों एवं अधिक वजन वाले लोगों का विशेष ध्यान रखें क्योंकि ये लोग हीटवेव से अधिक प्रभावित हो सकते हैं।

हीट स्ट्रोक की स्थिति में क्या करें

यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आए, कमजोरी महसूस हो, उल्टी हो या बेहोशी की स्थिति हो तो उसे तुरंत ठंडी या छायादार जगह पर लिटाएं तथा पैरों को थोड़ा ऊपर रखें। शरीर पर ठंडे पानी का छिड़काव करें या गीले कपड़े से पोंछें। ओआरएस, नींबू पानी, नमक-चीनी का घोल या अन्य तरल पदार्थ दें। यदि व्यक्ति पूरी तरह होश में न हो तो उसे कुछ भी खाने-पीने के लिए न दें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र ले जाएं। यदि एक घंटे में स्थिति में सुधार न हो तो तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में जारी एडवाइजरी का पालन करें, अपने आसपास रहने वाले बुजुर्ग, बीमार एवं जरूरतमंद लोगों का ध्यान रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य केन्द्र या आपात सेवा से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *