बलौदाबाजार, 14 मार्च 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों सहित मिलर्स की बैठक ली। उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में उपार्जित धान उठाव की समीक्षा करते हुए अब तक शेष धान क उठाव 20 मार्च तक एवं एफसीआई और नान में चावल जमा 15 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कहा कि धान उठाव लगभग 93 प्रतिशत पूरा हो चुका है केवल 7 प्रतिशत ही शेष है। कुछ राईस मिलर्स के द्वारा कम उठाव किया गया है। गाडी की संख्या बढाकर उठाव में तेजी लाएं। धान उठाव और चावल जमा करने में किसी प्रकार की हीला-हवाली नहीं चलेगी। उन्होंने कहा की उठाव नहीं करने वाले मिलर्स को पहले नोटिस जारी करें फिर भी सुधार नहीं होने पर उसकी बैंक गारंटी जब्त करने की कार्यवाही किया जाए। उन्होंने मिलर्स द्वारा नान और एफसीआई में जमा किया जाने वाला चावल की गुणवत्ता निर्धारित मापदंड अनुसार जांच करने कहा। गुणवत्ताहीन चावल किसी भी मिलर्स से जमा नहीं कराने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने सहकारिता विभाग एवं समिति प्रबंधको को आगामी खरीफ सीजन हेतु खाद के अग्रिम उठाव के लिये किसानों को प्रोत्साहित कराने कहा। इसके साथ ही सभी समितियों में लक्ष्य के अनुसार 10 अप्रैल तक उर्वरक भण्डारण कराने के भी निर्देश दिये। उन्होंने समितियो में किसानों के लिये आवश्क मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने देने कहा। कलेक्टर ने सभी समितियों में माइक्रो एटीएम सक्रिय कर ट्रांजेक्शन बढ़ाने के निर्देश दिये।
बैठक में उपायुक्त सहकारिता उमेश गुप्ता, जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा सहित अन्य अधिकारी व मिलर्स उपस्थित थे।

