छत्तीसगढ़

पण्डित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में होग़ा गणतंत्र दिवस समारोह का जिला स्तरीय कार्यक्रम

बलौदाबाजार, 6 जनवरी 2026/sns/- गणतंत्र दिवस समारोह आगामी 26 जनवरी 2026 को जिले में अत्यंत हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा । जिला स्तरीय समारोह जिला मुख्यालय बलौदाबाजार स्थित पण्डित चक्रपाणी शुक्ल स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट उच्तर माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित किया जायेगा। कलेक्टर दीपक सोनी की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित बैठक में समारोह के गरिमापूर्ण आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। अधिकारियों को अलग-अलग कामों के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई।

मौसम एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैठक व्यवस्था सहित अन्य तमाम व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये । गणतंत्र दिवस में स्कूली छात्र-छात्राओं के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विभागों द्वारा फ्लैगशिप योजनाओं पर आकर्षक झांकियों का भी प्रदर्शन होगा। इसके लिए सभी सम्बंधित अधिकारियों के लिए विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए।गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह प्रातः 9 बजे पण्डित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में शुरू होगा। मुख्य अतिथि यहां राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी लेंगे। इसके पहले सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण हो जाएगा।

इस अवसर पर जिला पुलिस, अर्द्ध सैनिक बल, नगर सेना एनसीसी की टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया जाएगा।शासकीय सेवा में अपने दायित्व का बेहतर निर्वहन करने वाले अधिकारी- कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा मंच से सम्मानित किया जायेगा। कार्यालय प्रमुखों से इसके लिए नाम और कार्य का संक्षिप्त विवरण मंगाया गया है ।संपूर्ण कार्यक्रम का अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी को सुबह 9 बजे स्कूल मैदान में होगा। समारोह स्थल की साफ-सफाई,बैरिकेडिंग,शामियाना, मंच एवं माईक,पानी व्यवस्था, बैठक व्यवस्था,शांति एवं यातायात व्यवस्था, मार्च पास्ट परेड,चिकित्सा व्यवस्था आदि के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गोते, अवध राम टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *