सारंगढ़ बिलाईगढ़, 1 अप्रैल 2026/sns/-सारंगढ़ विकासखंड अंतर्गत कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने भेड़वन एवं घोटला छोटे में आयोजित राजस्व पखवाड़ा शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर समस्याओं एवं समाधान की प्रक्रिया की जानकारी ली। भेड़वन शिविर में दो गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु पहुंचे थे। यहां कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए नामांतरण, फौती, विभाजन एवं बिवन से संबंधित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने गांवों में मुनादी के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण शिविर का लाभ उठा सकें।
इस दौरान कलेक्टर द्वारा भेड़वन निवासी लक्ष्मण दिवल साय एवं कन्हैया तुलाराम को बी-1 (भूमि संबंधी दस्तावेज) भी वितरित किया गया, जिससे हितग्राहियों में संतोष देखा गया।
वहीं घोटला छोटे के सामुदायिक भवन में संचालित राजस्व पखवाड़ा शिविर का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। यहां उन्होंने नक्शा बटांकन कार्य की प्रगति की समीक्षा की, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण होना बताया गया। कलेक्टर ने शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने भू-अर्जन से संबंधित मामलों की भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। ग्रामीणों को कलेक्टर ने कहा कि राजस्व पखवाड़ा का उद्देश्य आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण करना है, इसलिए सभी अधिकारी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
उल्लेखनीय है कि सारंगढ़ तहसील के ग्राम घठुला छोटे, भेड़वन, हिच्छा, जेवरा बरमकेला तहसील के ग्राम चांटीपाली, कुम्हारी, सकरतुंगा, बरमकेला, बड़े नवापारा, करनपाली, बोईरडीह, घोघरा, सरिया. तहसील के ग्राम मानिकपुर, कटंगपाली-अ, पंचधार, कण्डोला, बिलाईगढ़ तहसील के ग्राम टुण्डरी, सलिहा भटगांव तहसील के ग्राम चिकनीडीह, सलौनीकला, जमगहन, जोरा, ओटगन, रिकोटार, सरसींवा तहसील के ग्राम बेंगपाली, बालपुर, झुमका, पिकरीपाली और कोसीर उप तहसील के ग्राम भदरा मे शिविर का आयोजन किया गया।

