छत्तीसगढ़

जिला कोषालय रायगढ़ में ई-चालान जमा करने ओटीसी सुविधा 1 अप्रैल से लागू

रायगढ़, 1 अप्रैल 2026/sns/- संचालनालय कोष एवं लेखा, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार राज्य में राजस्व जमा की प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन एवं सरल बनाने के उद्देश्य से ई-कोष पोर्टल के माध्यम से ई-चालान ओटीसी सुविधा 1 अप्रैल 2026 से लागू की गई है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के साथ ही भौतिक (मैनुअल) चालानों की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी तथा सभी प्रकार के शासकीय चालान केवल ऑनलाइन जनरेट कर बैंक के माध्यम से जमा किए जाएंगे।
जिला कोषालय रायगढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार नई व्यवस्था के अंतर्गत जमाकर्ता द्वारा ई-चालान पोर्टल पर चालान भरते समय दर्ज की गई जानकारी सीधे बैंक को ऑनलाइन ट्रांसफर हो जाएगी। इससे बैंक स्तर पर पुनः डेटा एंट्री करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे त्रुटियों में कमी आएगी तथा राजस्व जमा प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित होगी। नई प्रणाली में बैंक काउंटर पर केवल वही चालान स्वीकार किए जाएंगे जो ई-चालान पोर्टल से ऑनलाइन जनरेट किए गए हों तथा जिनमें  Treasury Reference Number (TRN)  अंकित हो। बिना टीआरएन नंबर वाले अथवा भौतिक चालान स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *