छत्तीसगढ़

जल उत्सव पखवाड़ा: खपरी गांव में जल संरक्षण, स्वच्छता और गुणवत्ता पर जागरूकता का संदेश

बिलासपुर,19 मार्च 2026/sns/-जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम खपरी में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत ‘‘जल उत्सव पखवाड़ा‘‘ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को जल संरक्षण की महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।  
गांव में जनसभा का आयोजन कर जल की महत्ता एवं उसके संरक्षण और संधारण पर चर्चा की गई। इस अवसर पर एफ.टी.के. किट के माध्यम से जल गुणवत्ता की जांच करने की विधि का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे ग्रामीणों को स्वयं पानी की शुद्धता परखने की जानकारी मिल सके। कार्यक्रम में गांव की जल वाहिनी रंगमति, सुलोचना बाई, देवकी दीदी एवं वी.डब्ल्यू.एस.सी. की महिला सदस्यों को “हर घर जल” प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल, जल संरक्षण, योजना के संचालन एवं संधारण, सोखता गड्ढा निर्माण, हैंडपंप एवं रनिंग वाटर सप्लाई के रख-रखाव के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए जल जीवन मिशन के प्रति स्वामित्व की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।
जल जीवन मिशन न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण का भी प्रभावी माध्यम बन रहा है। पहले जहां महिलाओं को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था, वहीं अब अधिकांश घरों तक नल कनेक्शन पहुंचने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से जल प्रबंधन अधिक प्रभावी और टिकाऊ बन रहा है। इससे न केवल जल की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है, बल्कि महिलाओं को नेतृत्व एवं निर्णय लेने के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *