छत्तीसगढ़

शासन की योजनाओं से साकार हुआ सपना

कोरबा, 19 मार्च 2026/sns/-कोरबा शहर के  काशीनगर  में निवासरत श्रीमती गुंजा साहू का पक्के आवास का सपना अब साकार हो गया है। शासन की महत्वाकांक्षी ’पीएम आवास शहरी 2.0 योजना’ के अंतर्गत उन्हें आवास निर्माण हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिससे उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हो सका। श्रीमती गुंजा साहू के पति श्री सोनू राम साहू ठेका कर्मी के रूप में ऑपरेटर का कार्य करते हैं। सीमित आय के कारण परिवार के लिए पक्का घर बनाना एक बड़ी चुनौती थी। ऐसे में शासन की इस योजना ने उनके जीवन में नई आशा जगाई।
योजना के तहत श्रीमती साहू को कुल तीन किश्तों में लगभग 2.50 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई। इस सहायता राशि का सदुपयोग करते हुए उन्होंने अपने आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ किया। इसके अतिरिक्त, परिवार ने अपनी जमा पूंजी भी लगाकर घर को पूर्ण रूप दिया। इसी क्रम में, राज्य शासन की ’मुख्यमंत्री गृह प्रवेश योजना’ के तहत भी उन्हें शीघ्र ही अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्राप्त होगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा और उन्हें आवश्यक जरूरतों की पूर्ति में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। आज श्रीमती साहू का परिवार अपने पक्के घर में सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर रहा है। यह आवास उनके लिए न केवल एक आश्रय स्थल है, बल्कि उनके आत्मसम्मान और स्थिर जीवन का आधार भी बन गया है। हितग्राही श्रीमती साहू ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि, “पक्का घर बनना हमारे लिए एक सपना था, जो अब पूरा हो गया है। इसके लिए हम प्रधानमंत्री जी का हृदय से धन्यवाद करते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *