छत्तीसगढ़

जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आईईसी बैठक संपन्न

सुकमा, 14 मार्च 2026/snsजिले के ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उनके व्यापक प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सुकमा में शुक्रवार को एक दिवसीय आईईसी उन्मुखीकरण कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम का मार्गदर्शन कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर के नेतृत्व में किया गया।
कार्यशाला में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 20 युवाओं को शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं जमीनी स्तर पर उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में मनरेगा के तकनीकी सहायक भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने, पात्र हितग्राहियों की पहचान करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग देने के लिए तैयार किया गया।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आकांक्षी जिला सुकमा में संचालित विभिन्न विभागों की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना तथा स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी को मजबूत बनाना है। कार्यशाला के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को प्रदान की गई।
इस पहल के माध्यम से जिले में “स्वच्छता एवं आवास प्रेरकों” की एक सशक्त टीम तैयार की जा रही है, जो गांव-गांव जाकर शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगी और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शिता, दक्षता और तेजी से पात्र हितग्राहियों तक पहुँच सकेगा तथा ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *