सुकमा, 14 मार्च 2026/sns/-जिले में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला शिक्षा कार्यालय सुकमा द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पावारास सुकमा, कोण्टा, छिन्दगढ़, दोरनापाल, कुकानार एवं तोंगपाल में संविदा शिक्षकों की व्यवस्था हेतु विभिन्न शैक्षणिक पदों के लिए प्राप्त आवेदनों की पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जारी सूची में व्याख्याता (वाणिज्य, अंग्रेजी, भौतिकी एवं रसायन-अंग्रेजी माध्यम), शिक्षक कला समूह, अंग्रेजी (अंग्रेजी माध्यम) एवं संस्कृत, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला स्तर (अंग्रेजी माध्यम), सहायक शिक्षक हिन्दी, विज्ञान एवं गणित (अंग्रेजी माध्यम) तथा प्री-प्राइमरी पदों के लिए प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्रता की स्थिति प्रकाशित की गई है।
प्रशासन ने पारदर्शिता बनाए रखते हुए अभ्यर्थियों को अपनी आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर भी प्रदान किया है। यदि किसी आवेदक को सूची में दर्ज किसी भी कॉलम या विवरण के संबंध में आपत्ति हो, तो वह 23 मार्च 2026 को सायं 5 बजे तक कार्यालयीन समय में जिला शिक्षा कार्यालय सुकमा के सेजेस शाखा में संबंधित लिपिक के पास प्रमाणिक दस्तावेजों के साथ अपना दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शीघ्र ही दस्तावेज सत्यापन की कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी, जिसकी सूचना जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।


