छत्तीसगढ़

विश्व आर्द्रभूमि दिवस पर कुंवरपुर डेम में सारस क्रेन संरक्षण को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित


अंबिकापुर, 03 फरवरी 2026/sns/-  विश्व आर्द्रभूमि (वेटलैंड) दिवस के अवसर पर लखनपुर परिक्षेत्र अंतर्गत कुँवरपुर डेम में एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आर्द्रभूमि संरक्षण एवं जैव विविधता को बढ़ावा देना, विशेष रूप से सारस क्रेन (Sarus Crane) के संरक्षण पर विचार-विमर्श करना था। कार्यशाला के दौरान सारस क्रेन के प्राकृतिक आवास, उनके संरक्षण की आवश्यकता, मानवीय गतिविधियों से पड़ने वाले दुष्प्रभाव तथा संरक्षण हेतु समन्वित एवं सामुदायिक प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर श्री विजय अग्रवाल, सभापति, वन स्थायी समिति एवं सदस्य, जिला स्तरीय वेटलैंड संरक्षण समिति मुख्य रूप से उपस्थित रहे। साथ ही संचालक मत्स्य एवं पशुपालन विभाग, एस.डी.ओ. सिंचाई विभाग, सब-इंजीनियर, नगर निगम प्रतिनिधि, श्रीमती दीपिका स्वर्णकार, सहायक प्राध्यापक, पी.जी. कॉलेज, उपवनमण्डलाधिकारी अंबिकापुर एवं उदयपुर, सरगुजा वनमण्डल के समस्त वन परिक्षेत्राधिकारी, लखनपुर परिक्षेत्र के कर्मचारीगण तथा वेटलैंड मित्र कार्यक्रम से जुड़े प्रतिभागी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं द्वारा आर्द्रभूमियों को स्वच्छ एवं अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने, जल स्रोतों के संरक्षण तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों द्वारा आर्द्रभूमि एवं वन्यजीव संरक्षण हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी, सरगुजा द्वारा आम नागरिकों से आह्वान किया गया कि वे आर्द्रभूमियों में स्वच्छता अभियान चलाकर इन्हें स्वच्छ बनाए रखें तथा आर्द्रभूमियों को जनजीवन एवं आजीविका से जोड़ते हुए उनके संरक्षण में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *