मुंगेली, 22 नवंबर 2025/sns/- शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 66 समितियों के 105 उपार्जन केन्द्रों में 01 लाख 07 हजार 214 पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जाएगा। खरीदी केन्द्रों में सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से धान खरीदी होने से किसान खुशहाल नजर आ रहे हैं, जो शासन की जनहितैषी और किसान हितैषी नीतियों का परिणाम है। इसी कड़ी में धान खरीदी केन्द्र दाउपारा पहुंचे पेंडाराकापा के किसान श्री रजऊ साहू ने उपार्जन केन्द्र में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि वे 94 क्विंटल धान विक्रय करने आए हैं।
किसान श्री साहू ने बताया कि उन्हें टोकन कटवाने में किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई। टोकन प्रक्रिया काफी सरल है, इलेक्ट्रॉनिक तौल व्यवस्था, अच्छी गुणवत्ता वाले बारदाने तथा किसानों के लिए सभी सुविधाएँ मिल रही हैं, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। उन्होंने धान खरीदी केंद्र में की गई प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि खरीदी केन्द्र में किसानों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई है। छाया, पेयजल, बैठक व्यवस्था आदि मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इन सभी व्यापक इंतजामों ने खरीदी प्रक्रिया को न सिर्फ सरल बनाया है, बल्कि पारदर्शी भी किया है, जिससे किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की समस्या न हो।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा खरीदी केन्द्रों में किसानों से विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रति क्विंटल 3100 रूपए तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से धान खरीदी जा रही है, जिससे उचित मूल्य और समय पर खरीदी से किसान अपनी मेहनत का वास्तविक प्रतिफल पाकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव सहित जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।


