साइंस कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का भव्य आयोजन, 1300 से अधिक जोड़े बने परिणय सूत्र में बंधे

रायपुर, 10 जनवरी 2026/sns/-मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 1316 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया

कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न समाजों की परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराए गए। इसी क्रम में बौद्ध समाज से श्रीमती पूर्णिमा वस्त्रकार एवं श्री टिकेश वासनिक का विवाह बौद्ध परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ।

पूर्णिमा वस्त्रकार ने बताया कि वे बागबाहरा की निवासी हैं और पार्लर का कार्य करती हैं। विवाह उपरांत वे भिलाई निवास करेंगी, जबकि उनके पति टिकेश वासनिक सब्जी विक्रय का कार्य करते हैं। दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विवाह संभव नहीं हो पा रहा था। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से उनका विवाह संपन्न हुआ तथा शासन की ओर से 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता एवं उपहार प्रदान किए गए। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

क्रिश्चियन परंपरा से हुआ दीपक एवं अंकिता का विवाह

महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम बरडीही निवासी श्री दीपक बाघ एवं सुश्री अंकिता कुमार का विवाह मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत क्रिश्चियन परंपरा से संपन्न कराया गया। दीपक पेशे से ड्राइवर है एवं अंकिता दोनों ही साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से आते हैं। अंकिता की माता ने बताया कि वे एवं उनके पति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उनकी पुत्री का विवाह मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में इतनी भव्यता एवं सम्मानपूर्वक संपन्न होगा।

इस अवसर पर दीपक के जीजाजी श्री अल्फ्रेड गाड़िया ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से आज उनके साले का विवाह धूमधाम से संपन्न हो रहा है। इसके लिए उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान कर सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *