समाचार
जिला जनसंपर्क कार्यालय
रायपुर
जरूरतमंदों का सहारा बनी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना
पालकों के अभाव और आर्थिक तंगी के बावजूद हुआ सम्मानपूर्वक विवाह
शासन की योजना ने आसान की राह, वर–वधु ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार
रायपुर, 10 फरवरी 2026/ राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 1300 से अधिक जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पुष्पवर्षा कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
राज्य सरकार की यह योजना उन युवक-युवतियों के लिए संबल बनी है, जो किसी न किसी कारण से असहाय हैं—किसी के सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है तो कोई आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से संबंध रखता है। माना सेक्टर से ऐसे ही तीन जोड़ों का विवाह मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से संपन्न हुआ।
पहला जोड़ा मिथुन चक्रवर्ती एवं अर्चना घोष का रहा। दूल्हा मिथुन चक्रवर्ती के माता-पिता नहीं हैं, वहीं अर्चना घोष के पालक मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। दोनों परिवार पिछले दो-तीन महीनों से विवाह को लेकर विचार कर रहे थे, किंतु कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण निर्णय नहीं ले पा रहे थे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुश्री दीपिका सरकार को इसकी जानकारी मिली। उन्होंने दोनों परिवारों से संपर्क कर योजना की जानकारी दी, जिसके पश्चात विवाह हेतु पंजीयन कराया गया और आज 10 फरवरी को दोनों विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए।
दूसरा जोड़ा साधन बैरागी एवं बबली मंडल का रहा। साधन बैरागी के पिता का देहांत हो चुका है, जबकि बबली मंडल के पालक मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पारिवारिक एवं आर्थिक कठिनाइयों के कारण विवाह में बाधाएं आ रही थीं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत दोनों परिवार सहमत हुए और आज साइंस कॉलेज मैदान में उनका विवाह संपन्न हुआ।
तीसरा जोड़ा शुभम शर्मा एवं ज्योति शर्मा का रहा। दुल्हन ज्योति शर्मा की माता नहीं हैं तथा दूल्हा शुभम शर्मा का परिवार आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर है। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से योजना की जानकारी मिलने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुश्री दीपिका सरकार ने आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराईं और इस जोड़े का विवाह सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
इन दो जोड़ों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह योजना अनोखी है। और वाकई में हमारे जैसे परिवार के लिए मजबूत सहारा है आज ऐसी योजना के कारण आज हमारा विवाह ऐसे भव्य समारोह में सम्पन्न हुआ वह भी बिना किसी खर्च के, और हमारे मुखिया श्री विष्णु देव साय इस समारोह में शामिल हुए और उनका आशीर्वाद भी मिला।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
तीनों जोड़ों के परिजन विवाह को लेकर लंबे समय से प्रयासरत थे, किंतु परिस्थितियों के कारण बात नहीं बन पा रही थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुश्री दीपिका सरकार ने दोनों पक्षों से अलग-अलग चर्चा कर रिश्ते तय कराए और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत विवाह संपन्न कराने में मदद की।


