कवर्धा, 25 सितम्बर 2025/sns/- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे ने आज जिला जेल कबीरधाम का औचक निरीक्षण किया। माननीय कार्यकारी अध्यक्ष राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की वांछानुसार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के पत्र निर्देश पर जेल के बैरकां, स्नानागार, जेल परिसर में स्वच्छता एवं बंदियों के भोजन एवं स्वास्थ्य सुरक्षा पर अवलोकन के लिए औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने जेल परिसर का निरीक्षण करते हुए बैरकों की क्षमता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता एवं बैरकों में रखे जाने वाले बंदियों की संख्या, रसोई कक्ष की स्वच्छता, पीने के पानी तथा भोजन की गुणवत्ता, बंदियों के लिए खेल एवं व्यायाम के साधन व प्रशिक्षण की जानकारी, जेल परिसर के बागवानी की स्वच्छता के संबंध में भ्रमण कर जानकारी ली गई। तत्संबंध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा सहायक जेल अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अमन तिग्गा तथा जेल अधीक्षक श्री राजेन्द्र बंजारे सह जेल प्रहरी भी अवलोकन के दौरान उपस्थित थे।

