मुंगेली, 01 अप्रैल 2026/sns/- पथरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत लौदा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ने प्रशासनिक संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही कर आमजनों की समस्याओं का समाधान किया गया। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत अमलडीहा की निवासी श्रीमती सरिता यादव की पेयजल संबंधी समस्या का समाधान कर उन्हें राहत पहुंचाई गई। श्रीमती सरिता यादव ने शिविर में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि उन्हें पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें पानी के दूर तक जाना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गर्मी में यह समस्या और बढ़ जाती है।
कलेक्टर ने आवेदन को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को समस्या का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। निर्देश के परिपालन में संबंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए सरिता यादव के घर तक लगभग 150 मीटर पाइपलाइन का विस्तार कराया गया तथा उनके घर पर सिंटेक्स टंकी की स्थापना की गई। यह कार्य ग्राम पंचायत के 15वें वित्त आयोग के लोकल फंड से पूर्ण किया गया। अब सरिता यादव के घर तक नियमित रूप से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो गई है, जिससे उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता और उनके दैनिक जीवन में काफी सुधार आया है।

