मुंगेली, 13 मार्च 2026/sns/- राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में टीबी उन्मूलन को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा और जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को टीबी रोग के लक्षण, जांच प्रक्रिया, उपचार पद्धति, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट तथा ड्रग रेसिस्टेंट टीबी के प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही निक्षय निरामय अभियान फेज-2 से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुदेश कुमार रात्रे ने बताया कि प्रशिक्षण में विभिन्न सूचकों एवं लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर डीपीसी श्री अमिताभ तिवारी द्वारा आगामी निक्षय निरामय अभियान से जुड़ी गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों ने भाग लेकर टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को क्षेत्र में टीबी की पहचान, उपचार और रोकथाम को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

