छत्तीसगढ़

फसल परिवर्तन एवं उन्नत कृषि करने वाले कृषकों को कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने किया प्रोत्साहित

मोहला, 13 मार्च 2026/sns/-कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आज विकासखंड मोहला एवं मानपुर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उन्नत कृषि, उद्यानिकी फसलों, शैक्षणिक संस्थान तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने फसल परिवर्तन एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने वाले कृषकों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर भी उपस्थित रहीं। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने मोहला विकासखंड के ग्राम पंडरवानी के मरारपारा निवासी कृषक श्री गोपेश के कृषि कार्यों का अवलोकन किया। कृषक श्री गोपेश ने बताया कि उनके पास लगभग 28 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें उन्होंने लगभग ढाई एकड़ में सूर्यमुखी की खेती की है। इसके साथ ही उन्होंने गेहूं और चना जैसी फसलें भी ली हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास सिंचाई के साधन उपलब्ध हैं तथा कृषि विभाग द्वारा भी आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार ग्राम देवरसुर निवासी श्री मोहन निषाद के कृषि कार्यों का भी कलेक्टर ने अवलोकन किया। कृषक ने बताया कि वे पूर्व से ही तरबूज की खेती करते आ रहे हैं। वर्तमान में उन्होंने लगभग 3 एकड़ में तरबूज की खेती की है। इसके साथ ही करेला, बरबट्टी एवं लौकी की भी खेती कर रहे हैं। ग्राम पीड़िंगपार निवासी यशवंत ने बताया कि उन्होंने करेला, गोभी, प्याज एवं टमाटर की खेती की है, जिससे उन्हें अच्छी आय प्राप्त हो रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत उन्हें गोदाम एवं शेडनेट के लिए सब्सिडी प्राप्त हुई है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने ग्राम खमटोला निवासी दुर्गेश पाल के शेडनेट का भी अवलोकन किया। कृषक ने बताया कि इस वर्ष उन्होंने भूमि तैयार की है तथा विभागीय योजना के अंतर्गत शेडनेट के लिए सब्सिडी प्राप्त हुई है, जिसमें वे तरबूज की खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अन्य कृषि भूमि में सब्जियों की खेती भी कर रहे हैं। इसी प्रकार ग्राम घावड़ेटोला निवासी श्री चंद्रभान भूआर्य ने बताया कि उन्होंने गेहूं, मक्का, टमाटर, सेम, बैंगन और मिर्च जैसी विभिन्न फसलों की खेती की है, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है। ग्राम केवटटोला निवासी कृषक श्री नम्मू एवं गजेंद्र ने बताया कि उन्होंने लगभग 15 एकड़ में सूर्यमुखी, चना एवं लाखड़ी की फसल ली है।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने धान के स्थान पर अन्य फसलों एवं उद्यानिकी फसलों की खेती कर आय बढ़ाने वाले कृषकों की सराहना की तथा विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर खेती को और बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कृषक अन्य किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
इस दौरान उन्होंने ग्राम पंडरवानी के श्री रामसुख के कुटकुट पशुधन शेड का भी निरीक्षण किया। हितग्राही ने बताया कि वे उच्च नस्ल के मुर्गियों का पालन कर रहे हैं। इसके पश्चात उन्होंने श्री रसीद कुमार, श्री चनार सिंह एवं श्रीमती उर्मिला के प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण किया। हितग्राहियों ने बताया कि वर्षा ऋतु से पूर्व आवास निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

  • विद्यार्थियों ने कहा सुसज्जित लैब से पढ़ाई में बढ़ रही रुचि कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने मानपुर स्थित आईटीआई का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोपा ट्रेड के विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी उपस्थिति की जानकारी ली। इलेक्ट्रिकल ट्रेड के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध उपकरणों की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने बताया कि सुसज्जित कंप्यूटर लैब के कारण पढ़ाई में उनकी रुचि बढ़ी है। कलेक्टर ने शिक्षकों को विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के संबंध में भी जानकारी देने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने बांस परियोजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड, मानपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने बंद पड़ी परियोजना को पुनः प्रारंभ करने के लिए छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड से पत्राचार करने के निर्देश दिए, ताकि बांस परियोजना के माध्यम से समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार उपलब्ध कराया जा सके।
  • आरसेटी भवन मरम्मत कार्य की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मानपुर में आदिवासी विकास विभाग द्वारा निर्माणाधीन छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार से कार्य की प्रगति एवं निर्धारित समय सीमा की जानकारी ली तथा गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मानपुर में आरसेटी प्रारंभ करने के लिए किए जा रहे भवन मरम्मत कार्य का भी उन्होंने अवलोकन किया। कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मानपुर में कचरा कलेक्शन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने नियमित रूप से कचरा संग्रहण एवं सेग्रीगेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कहीं भी कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *