छत्तीसगढ़

दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना

मुंगेली, 28 मार्च 2026/sns/- शासन द्वारा संचालित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को प्रतिवर्ष 10-10 हजार रूपए प्रदान किया जाता है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा बलौदाबाजार-भाटापारा में 25 मार्च को आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से डीबीटी के जरिए खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि अंतरित किया गया है, जिससे लाभान्वित परिवारों में खुशी का माहौल है। उन्होंने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया है। शासन की इस पहल से कई जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता राशि प्राप्त हुई है, जिससे मजदूर परिवारों को सम्मान और आत्मविश्वास मिला है। जिले में इस योजना के तहत 20 हजार 500 से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को सीधा लाभ मिला है।
जिले के ग्राम पीथमपुर के श्री प्रकाश कुमार ने बताया कि शासन की यह पहल सराहनीय है, जिससे उन्हें समय पर आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। ग्राम कोना के श्री महेंद्र कुमार साहू ने कहा कि इस राशि से उनके परिवार को राहत मिली है और वे इसे बच्चों की शिक्षा व आवश्यक कार्यों में खर्च करेंगे। ग्राम केशलीकला के निवासी श्री रामलोचन जांगड़े ने बताया कि इस योजना से उन्हें नई उम्मीद मिली है और अब वे अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर पाएंगे। योजना से उन्हें बड़ी राहत मिली है। ग्राम मजगांव के श्री तुलसीराम बंदे ने बताया कि उन्हें शासन द्वारा डीबीटी के माध्यम से 10 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई है, जिसका उपयोग वे अपने घर-परिवार के छोटे-छोटे खर्चों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई में करेंगे। सभी हितग्राहियों ने शासन की इस जनकल्याणकारी योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *