सारंगढ़- बिलाईगढ़, 28 मार्च 2026/sns/- आगामी खरीफ वर्ष 2026 में किसानों को रासायनिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने उर्वरकों की कालाबाजारी एवं अवैध भंडारण पर कड़ी निगरानी रखने एवं दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।सहकारी समितियों के प्रबंधकों को कृषकों के ऋण मान का समय पर निर्धारण एवं स्वीकृति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसान खरीफ सीजन से पूर्व उर्वरकों का उठाव कर सकें।
बैठक में डॉ कन्नौजे द्वारा निर्देशित किया गया कि खरीफ सीजन प्रारंभ होने से पूर्व समितियों एवं गोदामों में उर्वरकों का समुचित भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों को आवंटन के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण करने तथा वितरण में किसी प्रकार की कटौती न करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर द्वारा रासायनिक उर्वरकों के साथ-साथ नैनो डीएपी, नैनो यूरिया, बायोफर्टिलाइजर, जैविक खाद, प्राकृतिक खेती, हरी खाद एवं ब्लू ग्रीन एल्गी के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। कृषि विभाग के मैदानी अमले को निर्देशित किया गया कि किसानों के मध्य इन विकल्पों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे मृदा की उर्वरता में वृद्धि हो तथा रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम हो सके। जिला प्रशासन द्वारा लगातार यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आगामी खरीफ सीजन में किसानों को उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता हो तथा वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग से टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिल सके।
कृषि विभाग द्वारा किसानों की सुविधा के लिए उर्वरकों से संबंधित शिकायत एवं जानकारी हेतु टोल फ्री नंबर 07768- 299015 जारी किया गया है। किसानों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर इस नंबर पर संपर्क करें। बैठक में एसडीएम वर्षा बंसल, उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव, जिला विपणन अधिकारी शीतल भोई, जिला सहकारी बैंक, अपेक्स बैंक के प्रतिनिधि, नोडल सहकारी समितियों के प्रबंधक, उर्वरक निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधि सहित जिले के कृषि विभाग के फील्ड अधिकारी उपस्थित रहे।


