छत्तीसगढ़

भालापुर की उजागर किसान मछुआ सहकारी समिति के सदस्यों को मिला आर्थिक संबल

मुंगेली, 28 मार्च 2026/sns/- जिले के मुंगेली विकासखंड अंतर्गत ग्राम भालापुर की उजागर किसान मछुआ सहकारी समिति मर्यादित ने सफलता की नई कहानी लिखी है। सामूहिक प्रयास, सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर समिति के सदस्यों ने आर्थिक संबल प्राप्त की है। भालापुर की यह पहल जिले के अन्य किसानों और समूहों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है। वर्ष 2023-24 में 10 वर्षीय पट्टा प्राप्त कर समिति ने पचरी तालाब (7.729 हेक्टेयर) में मछली पालन का कार्य शुरू किया, जो आज आर्थिक समृद्धि का मजबूत आधार बन चुका है।
समिति के अध्यक्ष श्री बसंत साहू के नेतृत्व में 25 सदस्यों ने संगठित होकर मछली पालन को व्यवसाय के रूप में अपनाया। सतत प्रयास और विभागीय मार्गदर्शन के चलते समिति ने लगभग 07 हजार 500 किलो मछली उत्पादन किया, जिससे 7.50 लाख रुपये की आय अर्जित हुई और 03 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। मछली पालन विभाग द्वारा समिति को 50 प्रतिशत अनुदान पर आवश्यक सामग्री, जाल एवं अन्य संसाधन उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही 10 दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से सदस्यों को वैज्ञानिक तरीके से मछली पालन, तालाब प्रबंधन और उत्पादन बढ़ाने की तकनीकों की जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण ने समिति के कार्य को और अधिक प्रभावी बनाया। समिति के सदस्यों का कहना है कि इस पहल से न केवल उनकी आय में वृद्धि हुई है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार आया है। अब वे आर्थिक रूप से अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर महसूस कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *