छत्तीसगढ़

पथरिया ब्लॉक के ग्राम पंचायत लौदा में आयोजित हुआ जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर

मुंगेली, 28 मार्च 2026/sns/- जिले के पथरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत लौदा में आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी और मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा योजनाओं से संबंधित आवेदन भी लिए गए। समाधान शिविर में मांग एवं शिकायत से संबंधित 460 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, इनमें से 75 से अधिक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। शेष आवेदनों का नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई और शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। शिविर में 06 माह के बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब एवं आमजनों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को लाभान्वित किया जा रहा है। साथ ही आवास योजना और धान खरीदी जैसे प्रयासों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। विधायक श्री मोहले ने बिजली और पानी के दुरूपयोग नहीं करने अपील भी की। उन्होंने आमजनों को शिविर में आवेदन प्रस्तुत कर शासन की विभिन्न योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि सुनहरे भविष्य के लिए बेहतर शिक्षा एवं बेहतर कल के लिए जल संरक्षण जरूरी है। उन्होंने बताया कि गर्मी को ध्यान में रखते हुए जिले की 177 ग्राम पंचायतों में पेयजल समस्या के समाधान हेतु कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन किया जा रहा है। कलेक्टर ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि “पानी बनाया नहीं जा सकता, इसलिए हर बूंद को बचाना आवश्यक है।” उन्होंने रेन वाटर हार्वेस्टिंग अपनाने और जल के महत्व को समझने की अपील की। शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कलेक्टर ने कहा कि समाज में आगे बढ़ने और सुनहरे भविष्य के लिए शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने और अंग्रेजी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। शिविर के दौरान कलेक्टर ने आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पानी, बिजली और आवास से संबंधित मुद्दे उठाए, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही गांव में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि यह वर्ष का पहला जनसमस्या निवारण शिविर है, जिसका उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक आवेदन की जांच कर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में स्काउट-गाइड के छात्रों द्वारा गर्मी के मौसम में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्याऊ घर का शुभारंभ किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, जनपद पंचायत अध्यक्ष चित्ररेखा जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर में विभिन्न हितग्राहियों को सामग्री वितरण कर किया गया लाभान्वित

शिविर में विभिन्न हितग्राहियों को सामग्री वितरण कर लाभान्वित किया गया। इनमें 05 हितग्राहियों को शाकंभरी योजनांतर्गत विद्युत पम्प, समाज कल्याण विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र व बैशाखी, 06 स्व सहायता समूह की महिलाओं को चेक राशि, मछली पालन विभाग अंतर्गत 01 हितग्राही को जाल एवं आइस बाक्स तथा दिव्यांग स्कूली बच्चों को श्रवण यंत्र प्रदान कर लाभान्वित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *