बीजापुर, 17 मार्च 2026/sns/-कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने मंगलवार को समय सीमा की बैठक लेकर जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास सहित अन्य प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नल-जल एवं जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जिले में शीघ्र पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने सभी ब्लॉकों में आधार कार्ड, राशन कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र, पैन कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आत्मसमर्पित नक्सलियों एवं नक्सल पीड़ितों से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि ऐसे हितग्राहियों की जानकारी लेकर उनके आवश्यक दस्तावेज—जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड आदि—तत्काल बनवाए जाएं, ताकि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।
बैठक में मोबाइल टावरों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जहां-जहां नेटवर्क संबंधी समस्या है, वहां तत्काल सुधार कार्य कर उसे दुरुस्त किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का आकलन किया गया। कलेक्टर ने पोटा केबिन आश्रमों एवं अन्य छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता और बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही अधीक्षकों को भोजन व्यवस्था का विवरण फोटो सहित प्रस्तुत करने को कहा।
इसके अलावा विद्युत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिले में आयोजित हो रहे रजत महोत्सव कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
शिक्षा के क्षेत्र में कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे, डीएफओ श्री रमेश कुमार जांगड़े,अपर कलेक्टर श्री भूपेंद्र अग्रवाल, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


