बलौदाबाजार, 17 मार्च 2026/sns/-कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही हेतु सम्बधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जनदर्शन में एक ग्रामीण आवेदक द्वारा तहसील के अर्जीनवीस से टिकट लगा हुआ आवेदन लिखवाकर लाने पर समझाया कि जनदर्शन में टिकट लगा हुआ आवेदन की आवश्यकता नहीं है। हाथ से लिखा हुआ आवेदन भी लिया जाता है। उन्होंने जनदर्शन में समस्या लेकर आने वाले लोगों की सुविधा के लिये कलेक्ट्रेट में ही आवेदन लिखाने की व्यवस्था हेतु कम्प्यूटर सिस्टम एवं ऑपरेटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। जनदर्शन में लगभग 125 लोगों ने आवेदन दिया जिसमें राजस्व से सम्बधित सीमांकन, बंटवारा, नामांतरण की समस्या अधिक थे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल की समस्या, अतिक्रमण, बिजली एवं पुलिस से सबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। इन सभी आवेदनों का त्वरित निराकरण के निर्देश दिये गए। इस दौरान डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


