मोहला, 17 मार्च 2026/sns/-जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ गत दिवस 16 मार्च को कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की उपस्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में किया गया। इस दौरान सीएमएचओ श्री एस.आर मांडवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने एचपीवी वैक्सीन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह टीका किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने में अत्यंत प्रभावी है। इस अभियान का उद्देश्य जिले की अधिक से अधिक किशोरियों को टीकाकरण के माध्यम से सुरक्षित करना है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि यह अभियान भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि दिसंबर 2010 से मार्च 2012 के बीच जन्मी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने यह भी बताया कि निजी चिकित्सालयों में यह टीका लगभग 4000 रुपये में उपलब्ध है, जबकि वर्तमान में शासकीय संस्थानों में यह निःशुल्क लगाया जा रहा है। सीएमएचओ ने जानकारी दी कि वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में टीकाकरण किया जा रहा है और जल्द ही जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्री हेमेंद्र भूआर्य, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. देवेश ठाकुर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा ठाकुर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. राकेश वर्मा, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्री संतोष चंदेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एएनएम, मितानिन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग कर किशोरियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए एचपीवी टीकाकरण आवश्यक करवाएं।


