अम्बिकापुर, 28 अगस्त 2025/sns/- छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025 के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग सरगुजा तथा महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरगवां में किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला कलेक्टर श्री विलास भोसकर के निर्देशन, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जगदेव राम प्रधान तथा जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री बसंत मिंज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर बालिकाओं की सुरक्षा, बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव तथा नशा मुक्त सरगुजा बनाने के संकल्प को लेकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सामूहिक शपथ ग्रहण किया। साथ ही प्रतिभागियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिसमें लैंगिक समानता, बाल विवाह निषेध, सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्डलाइन 1098 जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति हब से जिला समन्वयक सुश्री नूतन सिन्हा, वित्तीय साक्षरता समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह, साइबर सुरक्षा सेल के कर्मचारी, विद्यालय प्राचार्य श्री संजीव कुमार सिंह, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को आत्मसुरक्षा के उपायों के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा जागरूकता बेहद आवश्यक है।


