छत्तीसगढ़

आयुष्मान वय वंदना कार्ड बना संबल, 70 वर्षीय शंकर लाल को मिला 1.27 लाख रुपये का निःशुल्क उपचार

कोरबा, 20 फरवरी 2026/sns/-भारत सरकार की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत संचालित ’आयुष्मान वय वंदना कार्ड’ के माध्यम से 70 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक श्री शंकर लाल को निःशुल्क उपचार का लाभ मिला है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए यह योजना संजीवनी साबित हो रही है।

जिला कोरबा के करतला तहसील अंतर्गत ग्राम मड़वारानी के निवासी श्री शंकर लाल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।  सीमित आय के कारण वे लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद नियमित उपचार नहीं करा पा रहे थे। कुछ समय से उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने पर उन्हें कोरबा स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच में उनके फेफड़ों में संक्रमण पाया गया, जिसके लिए उपचार आवश्यक था।
परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उपचार में होने वाले खर्च को लेकर परिवार चिंतित था। इसी दौरान उन्हें आयुष्मान वय वंदना कार्ड की जानकारी मिली। पात्रता की पुष्टि के बाद योजना अंतर्गत  उनका उपचार स्वीकृत हुआ और लगभग एक लाख 27 हजार 930 रुपये की राशि का इलाज पूर्णतः निःशुल्क किया गया। उपचार के बाद श्री शंकर लाल अब स्वस्थ हैं और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
श्री शंकर लाल ने शासन एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें योजना की जानकारी न मिलती तो उपचार कराना संभव नहीं हो पाता।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे आयुष्मान भारत एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड के लिए पंजीयन कराकर योजना का लाभ लें। शासन की प्राथमिकता है कि कोई भी जरूरतमंद नागरिक आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित न रहे। स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में यह योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए भरोसेमंद सहारा बनकर जीवन में नई आशा का संचार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *