मोहला, 04 फरवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार जिले में दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को घर-पहुंच शासकीय सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा नवाचार के रूप में सर्विस ऑन व्हील्स दिव्यांगजन एवं वृद्धजन सेवा रथ अभियान का शुभारंभ किया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त विकासखंडों में क्लस्टर स्तरीय शिविरों का आयोजन कर पात्र हितग्राहियों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की शासकीय सेवाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित कर हितग्राहियों का पंजीयन एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके पश्चात सेवा रथ के माध्यम से संबंधित ग्राम पंचायतों में पहुँचकर सेवाएँ प्रदान की जाएँगी। कार्यक्रम के तहत मानपुर विकासखंड में 09 से 14 फरवरी, मोहला विकासखंड में 16 से 21 फरवरी तथा अंबागढ़ चौकी विकासखंड में 23 से 28 फरवरी 2026 तक क्लस्टर स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग एवं श्रम विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया गया है जिससे अधिकतम शासकीय योजनाओं का लाभ जरूरतमंद नागरिकों तक पहुँचाया जा सके। अभियान के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा डीएलसी भौतिक सत्यापन, आधार सीडिंग, सहायक उपकरणों का वितरण एवं दिव्यांगजनों हेतु परामर्श सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग द्वारा 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वृद्धजनों का वय वंदन योजना अंतर्गत पंजीयन किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना का क्रियान्वयन तथा 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार पंजीयन किया जाएगा। इसी प्रकार शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं का आधार अद्यतन, जाति, निवास प्रमाण पत्र एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र हेतु आवेदन प्रक्रिया संपादित की जाएगी, जबकि श्रम विभाग द्वारा श्रम पंजीयन, नवीनीकरण एवं श्रमिक हितकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएँ प्रदान की जाएँगी। जिला प्रशासन ने जिले के समस्त पात्र दिव्यांगजनों, वृद्धजनों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्लस्टर में आयोजित शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस जनकल्याणकारी अभियान का अधिकतम लाभ उठाएँ।

