छत्तीसगढ़

सेमरा-करमा में 3 अप्रैल को राजस्व शिविर

बिलासपुर, 02 अप्रैल 2026/sns/-राजस्व मामलों के निराकरण के लिए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार जिले में राजस्व पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 3 अप्रैल 2026 को बेलतरा तहसील के ग्राम सेमरा एवं करमा में शिविर लगाकर राजस्व मामलों से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। शिविर में तहसीलदार श्रीमती मनीषा झा एवं नायब तहसीलदार श्री सहोरिक यादव उपस्थित रहेंगे। राजस्व पखवाड़ा का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। प्रथम चरण 01 अप्रैल से 15 अप्रैल, द्वितीय चरण 04 मई से 18 मई तथा तृतीय चरण 01 जून से 15 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों में राजस्व अमला गांव स्तर पर पहुंचकर विभिन्न लंबित प्रकरणों का निराकरण करेगा। अभियान के तहत अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, नक्शा बंटांकन, व्यपवर्तन एवं वृक्ष कटाई से संबंधित समय-सीमा से बाहर प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण किया जाएगा। साथ ही फौती नामांतरण, बंटवारा एवं अभिलेख त्रुटि सुधार के प्रकरणों का ऑनलाइन पंजीयन, नोटिस जारी कर सुनवाई एवं निराकरण भी शिविर स्थल पर ही किया जाएगा। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शिविर में ज्यादा से ज्यादा उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *