छत्तीसगढ़

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा बस्तर के घाटलोहंगा में मानवता की मिसाल

जगदलपुर, 02 अप्रैल 2026/sns/- बस्तर जिले में सूर्य के बढ़ते तेवर और भीषण गर्मी को देखते हुए मानवता की सेवा के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बस्तर तथा राष्ट्रीय सेवा योजना घाटलोहंगा के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय यात्री प्रतीक्षालय में शीतल जल प्याऊ घर का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस सेवा कार्य का मुख्य उद्देश्य चिलचिलाती धूप में सफर करने वाले यात्रियों और आसपास के ग्रामीणों को ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस पुनीत कार्य का शुभांरभ ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती दिया भद्रे और उप सरपंच श्री यमुना तिवारी के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर डीओसी (स्काउट) दसरुराम यादव, जिला सचिव लिलेश कुमार देवांगन, वरिष्ठ ग्रामीण यशवंत तिवारी और पूर्व सरपंच कुशल बघेल सहित ग्राम पटेल एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद हिंदी उत्कृष्ट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाटलोहंगा के प्राचार्य एवं शैक्षणिक स्टाफ ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।

उल्लेखनीय है कि इस जल सेवा अभियान को सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी विद्यालय के सुभाषचंद्र बोस स्काउट दल और इंदिरा गाइड टीम ने उठाई है, जो पूरे माह निस्वार्थ भाव से यहाँ अपनी सेवाएं देंगे। इस पूरे अभियान को राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राज्य सचिव बृजेश बाजपेई, जिला मुख्य आयुक्त संजय पांडेय तथा जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला आयुक्त (स्काउट) बीआर बघेल का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।सेवा की इस कड़ी में राज्यपाल अवार्डी पुष्पा बघेल के साथ-साथ अतुल, रामेश्वरी, माहेअक्शा, जिज्ञासा और एनएसएस के अन्य स्वयंसेवक पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं। इन युवाओं के जज्बे को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पुनीत कार्य में अपना हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया है। इस बारे में वरिष्ठ ग्रामीण यशवंत तिवारी कहते हैं कि गर्मी के दिनों में जरूरतमंद लोगों को पेयजल की सुलभता सुनिश्चित कराना एक मानवीय पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *