मुंगेली, 04 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में आमजनों से रूबरू होते हुए मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनी। उन्होंने आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित जांच कर नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन पर नियमित फॉलोअप किया जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
जनदर्शन में 150 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, इनमें ग्राम नवागॉव वेंकट की बिमला गंधर्व ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम करही के कुलदीप ने व्यक्तिगत शौचालय निर्माण कराने, ग्राम बदरा ब. की सत्यभामा कुर्रे ने महतारी वंदन योजना का लाभ दिलाने, ग्राम संगवाकापा के भरत साहू ने ट्रायसायकल दिलाने, महम्मद बशीर खां वार्ड मुंगेली निवासी गजेन्द्र श्रीवास ने प्रधानमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत दुकान आबंटित कराने, ग्राम चारभाठा के दिग्वजय सिंह ने अपनी जमीन का सीमांकन कराने, ग्राम सारधा की दिव्यांग राजेश्वरी सिंह राजपूत ने पेंशन योजना का लाभ दिलाने, ग्राम भिलाई के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, ग्राम तरईगांव के अहिल्या बाई ने अपने घर के पास पेयजल की उपलब्धता कराने, ग्राम चंदली के किसान तुलाराम ने अपनी जमीन का पर्ची बनवाने और ग्राम बुंदेली के मुकेश चंद्राकर ने राशनकार्ड में नाम जुड़वाने की मांग की।
कलेक्टर सभी प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए नियमानुसार निराकरण की बात कही। वहीं अधिकारियों को निराकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

