मुंगेली, 04 फरवरी 2026/sns/- शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज कलेक्टोरेट परिसर स्थित मनियारी सभाकक्ष के समक्ष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसके साथ ही आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा आईडी) निर्माण की सुविधा भी प्रदान की गई। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने स्वयं अपनी शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जांच कराई और अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने किया जागरूक किया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम द्वारा 88 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य टीम द्वारा शिविर के दौरान जांच उपरांत आवश्यक परामर्श भी दिया गया तथा सभी को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार लेने एवं नियमित व्यायाम करने की सलाह दी गई। इस दौरान ंसबंधित अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन को लेकर कलेक्टोरेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन से कलेक्टोरेट परिसर में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हुईं, जिससे उन्हें काफी सुविधा मिली।
कलेक्टर ने हितग्राहियों को सौंपे डिजिटल आभा आईडी कार्ड
जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में डिजिटल आभा आईडी कार्ड निर्माण हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने ग्राम ठकुरीकापा के हीरावन दास कोशले, ग्राम भाकुरकापा के कृपाल दास कुर्रे, ग्राम लक्षनपुर के बीरेन्द्र कुमार साहू, ग्राम दशरंगपुर के सूरज कुमार मोहले सहित अन्य हितग्राहियों को डिजिटल आभा आईडी कार्ड प्रदान कर योजना के महत्व की जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि शिविर में 28 से अधिक हितग्राहियों का डिजिटल आभा आईडी कार्ड बनाया गया। जिले में आभा आईडी कार्ड बनाने का कुल लक्ष्य 09 लाख 35 हजार 90 निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 07 लाख 82 हजार 472 हितग्राहियों का पंजीयन पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आभा आईडी के माध्यम से शासकीय एवं निजी अस्पतालों में मरीजों का सम्पूर्ण मेडिकल रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा। चिकित्सक मरीज की जांच, दवाइयों का विवरण, पुरानी बीमारियों की जानकारी एवं जांच रिपोर्ट सीधे आभा पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। इससे मरीज की संपूर्ण मेडिकल हिस्ट्री एक क्लिक में उपलब्ध होगी। आभा आईडी के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति को 14 अंकों का यूनिक नंबर प्रदान किया जाता है। आम नागरिक एंड्रॉयड मोबाइल गूगल प्ले स्टोर से आभा ऐप डाउनलोड कर घर बैठे अपना डिजिटल आभा आईडी कार्ड बना सकते है।


