छत्तीसगढ़

साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की


बीजापुर, 31 दिसंबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने 10 वर्ष या उससे अधिक समय से निष्क्रिय डेफ अकाउंट का शीघ्र निराकरण करते हुए संबंधित राशि शासन के खाते में जमा कराने तथा इसकी जानकारी जिला कोषालय अधिकारी को देने के निर्देश दिए।
बैठक में नियद नेल्लानार योजना की विस्तृत समीक्षा की गई। योजना अंतर्गत शामिल गांवों में सैचुरेशन शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे- राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक खाता, जाति प्रमाण पत्र आदि निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराते हुए पात्रतानुसार शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नक्सल पीड़ित परिवारों एवं आत्मसमर्पित नक्सलियों को भी आवश्यक दस्तावेज सहजता से उपलब्ध कराने तथा शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने उज्ज्वला योजना, श्रम कार्ड, एग्रीस्टेक में पंजीयन तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों के बैंक खाते खुलवाने हेतु आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त धान उपार्जन प्रक्रिया के अंतर्गत बारदाना की उपलब्धता, रकबा समर्पण, धान की राशि का अंतरण आदि विषयों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्होंने केंद्र एवं राज्य शासन की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *