छत्तीसगढ़

बच्चों के बीच जमीन पर बैठे कलेक्टर

जगदलपुर, 12 फरवरी 2026/sns/- जिले के मुखिया जब जनता के बीच पहुँचकर उनके दुख-सुख और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हैं, तो प्रशासन के प्रति विश्वास और गहरा हो जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा गुरुवार को कोड़ेनार के बंकेपारा में देखने को मिला, जहाँ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने न केवल प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कीं, बल्कि एक अभिभावक की तरह बच्चों के बीच समय बिताया।
कलेक्टर श्री छिकारा ने आँगनबाड़ी केंद्र में स्वयं बच्चों के पास जाकर उनका वजन त्यौहार के तहत बच्चों का वजन लिया, उनका कद नापा और पोषण स्तर की माप भी लिया। इस प्रक्रिया के दौरान वे पूरी तरह बच्चों के साथ रमे नजर आए। प्रशासनिक प्रोटोकॉल की परवाह न करते हुए वे बच्चों के साथ जमीन पर ही बैठ गए और उनसे आत्मीय बातचीत शुरू कर दी। कलेक्टर को अपने इतने करीब पाकर बच्चे भी उत्साहित दिखे, जिसकी खुशी तब दोगुनी हो गई जब श्री छिकारा ने उन्हें टॉफियां बांटीं।

संवाद का यह सिलसिला केवल बच्चों तक ही सीमित नहीं रहा। कलेक्टर ने केंद्र में उपस्थित गर्भवती माताओं और किशोरी बालिकाओं से भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी और पोषण योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। श्री छिकारा ने हितग्राहियों से पूछा कि उन्हें योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है या नहीं, और इस संबंध में उनकी सीधी प्रतिक्रिया ली। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि पोषण आहार और स्वास्थ्य सेवाओं के वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, एसडीएम तोकापाल श्री शंकर लाल सिन्हा, नायब तहसीलदार भी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *