सुकमा, 9 दिसम्बर 2025/sns/-खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है। राज्य शासन की धान खरीदी नीति एवं निर्देशों और कलेक्टर श्री देवेश ध्रुव के मार्गदर्शन में धान उपार्जन व्यवस्था को किसान हितैषी बनाने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। रामाराम निवासी किसान आयूब खान ने बताया कि उन्होंने अपने 67 क्विंटल धान के विक्रय हेतु केरलापाल लैंप्स से टोकन लिया। उपार्जन केंद्र में व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं, भीड़ कम है और समय पर तौल हो रही है। धान खरीदी प्रक्रिया में मुझे किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। धान बेचकर मैं अपनी बेटियों की शादी करना चाहता हूँ। इसी तरह अन्य किसानों में भी धान विक्रय को लेकर उत्साह का माहौल है। जिले के किसानों ने इसके लिए राज्य शासन व जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 25 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। शासन की चेकलिस्ट के अनुरूप सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, तौल-कांटा, बारदाना एवं स्टैकिंग जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सुकमा जिले में इस वर्ष 8 केंद्र संवेदनशील तथा 16 केंद्र अति-संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं, जहां विशेष निगरानी की जा रही है। धान खरीदी से संबंधित शिकायतें एवं सुझाव खाद्य विभाग के टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर दर्ज कराए जा सकते हैं। अपर कलेक्टर श्री गजेन्द्र ठाकुर की अध्यक्षता में गठित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर एवं कॉल सेंटर के माध्यम से कोचियों-बिचौलियों की गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके साथ ही जिलास्तरीय अधिकारियों को धान उपार्जन केंद्रों का नोडल अधिकारी बनाया गया है जो लगातार खरीदी केंद्रों का भ्रमण कर निगरानी रख रहे हैं। प्रशासन द्वारा तैयार की गई सरल, सुचारू और पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था से किसान पूर्णतः संतुष्ट नजर आ रहे है।

