सुकमा, 05 दिसम्बर 2025/sns/-भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान नई दिल्ली की पहल पर राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा महाभियान का आयोजन रविवार 7 दिसंबर 2025 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के द्वारा सभी शिक्षार्थीयों को महापरीक्षा अभियान में सम्मिलित होने हेतु अपील जारी किया है।
राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा महाभियान में शिक्षार्थी सुविधानुसार रविवार 7 दिसंबर 2025 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के भीतर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते है। शिक्षार्थी को प्रश्न पत्र हल करने के लिए 3 घंटे का समय दिया जाएगा। प्रश्न पत्र के पढऩा लिखना एवं गणित कुल 3 भाग होंगे तथा प्रत्येक भाग 50 अंकों का होगा व प्रत्येक प्रश्नों का उत्तर देना होगा। राष्ट्रव्यापी परीक्षा महाअभियान में सुकमा जिले के 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे शिक्षार्थी जिन्होंने उल्लास साक्षरता केन्द्र में पढ़ाई किए हो जो बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान की परीक्षा में शाामिल होना चाहते हो, वह परीक्षा में शामिल हो सकते है। पंजीयन के आधार पर ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय के वार्डवार आंकलन में सम्मिलित होने वाले शिक्षार्थियों की सूची तैयार की गई है। संबंधित ग्राम पंचायत अथवा नगरीय निकाय के वार्ड के नजदीक वाले शासकीय प्राथमिक को परीक्षा केन्द्र बनाया जाएगा। जिले में 30743 शिक्षार्थियों का पंजीयन किया गया है एवं 705 परीक्षा केन्द्र बनाया गया है जिसमें जिले के प्राथमिक शाला, जिला जेल एवं नक्सली पुनर्वास केन्द्र को भी केन्द्र बनाये गये हैं। परीक्षा केन्द हेतु केन्द्राध्यक्ष एवं मूल्यांकनकर्ता की ड्यूटी लगाई गई है। विकासखंड एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। परीक्षा में सफल शिक्षार्थियों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय एनआईओएस तथा राष्ट्रीय साक्षरता मिशन प्राधिकरण एनआईएलपी से प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

