छत्तीसगढ़

पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर, भाजपा को मिल रहा अभूतपूर्व जनसमर्थन: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर, भाजपा को मिल रहा अभूतपूर्व जनसमर्थन: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

टीएमसी सरकार के अन्याय का जवाब देने पश्चिम बंगाल की जनता पूरी तरह तैयार

रायपुर 4 अप्रैल 2026 / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पश्चिम बंगाल प्रवास के दौरान पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल की जनता को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल योजना और किसान सम्मान निधि जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ गरीबों और किसानों तक नहीं पहुंच पाया। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में रोजगार के अवसरों की भारी कमी है और महिलाओं से किए गए आर्थिक सहायता के वादे भी पूरे नहीं किए गए हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है और युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे ऐसी सरकार को दोबारा सत्ता में आने से रोकें और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को समर्थन देकर पश्चिम बंगाल में सुशासन और विकास की नई दिशा सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज पश्चिम बंगाल प्रवास के दौरान नयाग्राम, गोपीबल्लवपुर, झारग्राम एवं बिनपुर विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया तथा जनसभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन की अपील की। इस दौरान सड़कों पर उमड़े जनसैलाब और हर वर्ग के अपार समर्थन ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि पश्चिम बंगाल की जनता परिवर्तन के लिए पूरी तरह तैयार है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने झारग्राम की भूमि को वीर सपूतों और विद्वानों की धरती बताते हुए यहां के भाजपा कार्यकर्ताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल देश ही नहीं, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जहाँ एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपने परिश्रम के बल पर सर्वोच्च पदों तक पहुँच सकता है। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि एक किसान परिवार से आने के बावजूद पार्टी ने उन्हें सांसद, विधायक, प्रदेश अध्यक्ष और आज मुख्यमंत्री जैसे दायित्व सौंपे – जो भाजपा की आंतरिक लोकतांत्रिक परंपरा को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी स्वयं एक साधारण परिवार से आए हैं और पिछले वर्षों में उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ देश के हर वर्ग के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में नियमित संगठनात्मक चुनाव होते हैं, जबकि अन्य दलों में परिवारवाद हावी है और नीतियों व नीयत दोनों की कमी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने जनजातीय समाज के संदर्भ में कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा आदिवासी समाज के सम्मान और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय कल्याण बोर्ड, पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना जैसी पहलों के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए कार्य किया गया है, लेकिन पश्चिम बंगाल में इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बदलने के लिए भाजपा सरकार का गठन आवश्यक है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आश्वासन दिया है कि भाजपा सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर राज्य में सरकारी कर्मचारियों के लिए 7वां वेतनमान लागू किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनसंपर्क करने और भाजपा के पक्ष में मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता का अभूतपूर्व समर्थन यह संकेत दे रहा है कि इस बार पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनने जा रही है और टीएमसी का सफाया निश्चित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *