छत्तीसगढ़

अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का हुआ आयोजन


राजनांदगांव, 05 दिसम्बर 2025/sns/- अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर सर्वेश्वर दास नगर पालिक निगम स्कूल मैदान एवं गांधी सभागृह राजनांदगांव में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर दिव्यांगजनों के लिए खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने हरी झंडी दिखाकर खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। जिसमें 500 से अधिक बालक-बालिकाएं व युवा दिव्यांगजन शामिल हुए। दिव्यांगजनों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिले के विभिन्न विकासखण्डों से आये हुए स्कूली दिव्यांग बच्चे एवं शासकीय समर्थ स्कूल, स्वैच्छक अनुदानित संस्था अभिलाषा, आस्था, मनोकामना के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मोहक प्रस्तुति दी गई। आस्था श्रवण बाधित संस्था के द्वारा खाटू-श्याम शानदार नृत्य व शंशाक गांधी के भजनों की सुमधुर प्रस्तुति ने उपस्थित सभी दर्शको का दिल जीत लिया। विजयी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह, मेडल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन में शामिल सभी दिव्यांगजनों को दैनिक उपयोगी सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, मोटराईज्ड ट्रायसायकल, ट्रायसायकल, बैशाखी, श्रवण यंत्र, वॉकर साथ ही समग्र शिक्षा द्वारा दिव्यांग बच्चों को शैक्षणिक सहायक सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के अंतर्गत आने वाले 21 प्रकार के दिव्यांगजनों के चिन्हांकन बाबत प्रशिक्षण दिया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सुगमता से ऋण उपलब्धता के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित दिव्यांगजनों एवं गणमान्य नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरडवार, पार्षद श्री शैंकी बग्गा, पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना सहित स्वैच्छक अनुदानित संस्था अभिलाषा, आस्था, मनोकामना के पदाधिकारी, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *