छत्तीसगढ़

धान खरीदी में सुगमता और पारदर्शिता पर जोर

मुंगेली, 04 दिसम्बर 2025/sns/- जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज विकासखण्ड पथरिया के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिलतरा, पड़ियाईन और धरदेई उपार्जन केन्द्रों में अब तक कुल धान खरीदी, बारदाने की उपलब्धता, पंजीकृत किसानों की संख्या, रकबा समर्पण व केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन का महत्वपूर्ण कार्य है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने समिति प्रबंधकों को सुव्यवस्थित धान खरीदी करने और किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने कहा।
कलेक्टर ने केन्द्रों में गेट पास एंट्री, फोटो अपलोडिंग, रिकॉर्ड अपडेट तथा धान खरीदी से जुड़े सभी तकनीकी और प्रबंधकीय पहलुओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने खरीदी केन्द्रों में नमी मापक यंत्र से धान की नमी जांच किया और खरीदी प्रभारी को शासन के नियमानुसार धान खरीदी करने, व्यवस्थित स्टेकिंग कराने निर्देशित किया। उन्होंने धान खरीदी की पर्याप्त जानकारी नहीं देने पर नायब तहसीलदार चंदन दुबे को नोटिस जारी करने निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने केन्द्र में अव्यवस्था मिलने पर धरदेई खरीदी केन्द्र के नोडल अधिकारी प्रीतेश अहिरवार व खरीदी प्रभारी कार्तिक राम तथा पड़ियाईंन उपार्जन केंद्र प्रभारी और ऑपरेटर, सहकारिता निरीक्षक, फूड इंस्पेक्टर को नोटिस जारी करने निर्देश दिए।
कलेक्टर ने किसानों से बातचीत कर टोकन सहित खरीदी केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को बैंक भुगतान आदि की समस्या ना हो। उपार्जन केंद्र सुविधायुक्त एवं सुसज्जित होना चाहिए। किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं मिले, अधिकारी इस पर विशेष ध्यान दें। किसी भी तरह की गड़बड़ी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने केंद्रों में किसानों के लिए छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था मजबूत करने तथा कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अवैध धान की संभावित आवक को ध्यान में रखते हुए सभी वाहनों की कड़ाई से जांच करने के लिए निगरानी दल को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने के साथ ही अवैध परिवहन पर सख्त निगरानी आवश्यक है। संदिग्ध वाहन की अनिवार्य रूप से जांच करने तथा संदिग्ध वाहनों पर विशेष ध्यान रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, सीसीबी नोडल अधिकारी श्री संतोष सिंह, जिला खाद्य अधिकारी श्री हुलेश डड़सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *