अम्बिकापुर, 12 नवम्बर 2025/sns/- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision– SIR) कार्य प्रगति पर है। मतदाता सूची के अद्यतन, सत्यापन एवं त्रुटिरहित संधारण हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है।
इस क्रम में निरीक्षण दल द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन संबंधी प्रपत्रों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी बीएलओं को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए तथा मृत, स्थानांतरित या दोहराव प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जाए।
निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि सभी बीएलओ अपने क्षेत्र में घर-घर सर्वेक्षण कर प्राप्त गणना प्रपत्रों को बीएलओ ऐप के माध्यम से अपलोड करें। अधिकारियों ने बताया कि बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टियां करने से कार्य अधिक पारदर्शी, तेज़ और त्रुटिहीन होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा में सभी बीएलओ को अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में गणना प्रपत्र वितरण एवं सत्यापन कार्य पूर्ण करने को निर्देशित किया है।
वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन तैयार करना है इसमें बीएलओ का सहयोग कर अपना नाम को मतदाता सूची में सुनिश्चित करें।

