अम्बिकापुर, 09 सितम्बर 2025/sns/- संचालक कृषि श्री राहुल देव द्वारा मंगलवार को विकासखण्ड उदयपुर के ग्राम खोंधला में नेशनल मिशन ऑन इडिबल ऑयल-ऑयल सीड् योजनान्तर्गत लगाए गए मूंगफली फसल प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया। संचालक श्री देव द्वारा धान,मक्का जैसी फसल की तुलना में मूंगफली फसल से होने वाले लाभ से कृषकों को अवगत कराने अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि तुलनात्मक चार्ट बनाकर कृषकों को वितरित करें, ताकि किसान अन्य फसलों हेतु प्रोत्साहित हों। इस दौरान उन्होंने कृषकों से सीधा संवाद कर कृषि सम्बन्धी समस्याओं के सम्बन्ध में जानकारी ली तथा शासकीय योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि हमारा देश खाद्य तेल हेतु दूसरे देशों पर निर्भर है तथा किसानों द्वारा धान/मक्का के स्थान पर तिलहन दलहन फसल का उत्पादन किए जाने से न केवल देश इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा अपितु कृषकों को प्रति इकाई ज्यादा लाभ मिल सकेगा। इस दौरान संचालनालय स्तर से संयुक्त संचालक कृषि श्री कपिल देव दीपक, सहायक संचालक कृषि श्री हर्ष मिश्रा, उपसंचालक कृषि सरगुजा श्री पी एस दिवान उपस्थित रहे।

