मोहला, 14 अगस्त 2025/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति आज विकासखंड मानपुर स्थित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आईटीआई मानपुर के निर्माणाधीन कंप्यूटर लैब का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माणाधीन कंप्यूटर लैब के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिसके पश्चात कलेक्टर श्रीमती प्रजापति पीएम श्री सेजेस स्कूल पहुँची। यहां उन्होंने नवनिर्मित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों एवं सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने बच्चों को पुस्तकालय का अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने बच्चों को अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने को कहा, ताकि विषय के साथ ही सामान्य ज्ञान में वृद्धि हो सके। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
– फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल में किसानों का करें शत-प्रतिशत पंजीयन
विकासखंड मानपुर के दौरा के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय भी पहुंची। यहां उन्होंने विकासखंड के तीनों तहसीलों के हल्का पटवारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने फार्म रजिस्ट्री पोर्टल की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी पटवारियों को पोर्टल में किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गिरदावरी कार्य में पूर्ण सावधानी का ध्यान रखते हुए त्रुटिरहित अभिलेख तैयार करने हेतु निर्देशित किया।


