छत्तीसगढ़

संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन इन्द्रावती सभाकक्ष में आकांक्षी ब्लाॅक उसूर को बेहतर प्रदर्शन पर मिला कांस्य पदक


बीजापुर, 29 जुलाई 2025/sns/- नीति आयोग भारत सरकार द्वारा आयोजित संपूर्णता अभियान के तहत पूरे देश में 112 आकांक्षी जिला एवं 500 आकांक्षी ब्लाॅकों का चयन कर 12 समाजिक क्षेत्र संकेतकों में शतप्रतिशत संतृप्ति प्राप्त करना स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, सामाजिक विकास और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सुधार लाना और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदाय करने का उद्देश्य रखा गया।
जिसमें आकांक्षी जिला के रूप में संपूर्ण बीजापुर जिला एवं आकांक्षी ब्लाॅक के रूप में उसूर ब्लाॅक का चयन हुआ था। आकांक्षी जिला के लिए प्रमुख 6 संकेतक जिसमें मृदा, स्वास्थ्य कार्ड का वितरण, प्रसव पूर्व देखभाल के लिए गर्भवती महिलाओं का शीघ्र पंजीकरण, गर्भवती महिलाओं के लिए पूरक पोषण सुनिश्चित करना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड का सृजन, स्वयं सहायता समूहों रिवाल्विंग फंड एवं स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों का समय पर वितरण।
वहीं आकांक्षी ब्लाॅकों में पहली तिमाही के भीतर प्रसवपूर्व देखभाल के लिए पंजीकृत गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत, आईसीडीएस कार्यक्रम के तहत नियमित रूप से पूरक पोषण लेने वाली गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत, पूर्ण टीकाकरण, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच, माध्यमिक शालाओं में विद्युतीकरण एवं शैक्षणिक सत्र शुरू होने के एक महीने के भीतर बच्चों को पाठ्यपुस्तकें प्रदान करना। इन सभी 6 संकेतकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुऐ 4 संकेतकों में शतप्रतिशत संतृप्ति हासिल कर उसूर ब्लाॅक को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।
संपूर्णता अभियान के सम्मान समारोह में जिले एवं ब्लाॅक को प्राप्त उपलब्धियों को पीपीटी के माध्यम से प्रदर्शित की गई एवं अपर सचिव एवं मिशन निर्देशक आकांक्षी जिला एवं ब्लाॅक कार्यक्रम वरिष्ठ आईएएस डाॅ. रोहित कुमार का संदेश का भी लघु फिल्म के माध्यम से प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, कलेक्टर श्री संबित मिश्रा एवं सीईओ जिला पंचायत श्री हेमंत रमेश नंदनवार ने संपूर्णता अभियान के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास के अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया। वहीं उसूर के सीईओ जनपद पंचायत को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने बीजापुर जिले एवं उसूर ब्लाॅक के संवेदनशील परिस्थितियां एवं कड़ी चुनौती के बाद भी संपूर्णता अभियान के संकेतकों को शतप्रतिशत संतृप्त करने के लिए जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य करने तथा जिले के विकास में योगदान देने के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुऐ हमेशा अपना शतप्रतिशत देने लगन एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्य पथ में निरंतर प्रयत्नशील रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल, संपूर्णता अभियान के नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम सिंह पंचारी सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारीगण, समस्त अनुभाग के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं सीईओ जनपद पंचायत उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *