सुकमा, 16 मार्च 2026/sns/- जिले में शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शाला त्यागी बच्चों का स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित किया।
दरअसल 12 मार्च को कलेक्टर श्री अमित कुमार के दौरे के दौरान पटेलपारा, मारोकी में महुआ बीनने वाली एक बच्ची और अन्य बालक के स्कूल से बाहर होने की जानकारी मिली थी। इस पर कलेक्टर ने तत्काल अधिकारियों को दोनों बच्चों को स्कूल में भर्ती कराने के निर्देश दिए थे।
कलेक्टर के निर्देश पर अमल करते हुए शिक्षा विभाग ने अगले ही दिन 13 मार्च को कार्रवाई करते हुए शाला त्यागी छात्रा मड़कामी मंगली पिता बुधु, निवासी मारोकी को कन्या आश्रम बड़े वेड़मा, जिला दंतेवाड़ा में प्रवेश दिलाया। वहीं शाला त्यागी छात्र देवा, पिता हिड़मा, निवासी मारोकी को पोटा केबिन कोर्रा में पुनः प्रवेशित कराया गया।
जिला प्रशासन की इस त्वरित पहल से दोनों बच्चों की शिक्षा की राह फिर से खुल गई है। प्रशासन का कहना है कि जिले में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए लगातार अभियान चलाकर शाला त्यागी बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जा रहा है।

