छत्तीसगढ़

कभी डर का साया, आज विकास की राह पर जगरगुंडा महतारी वंदन योजना से राधा के जीवन में आई नई रोशनी

सुकमा, 16 मार्च 2026/sns/- शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव अब सुदूर और नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में भी साफ दिखाई देने लगा है। कोंटा विकासखंड के ग्राम जगरगुंडा की निवासी श्रीमती राधा इसका एक प्रेरक उदाहरण हैं, जिनके जीवन में सरकारी योजनाओं ने सकारात्मक बदलाव लाया है।
कभी घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले जगरगुंडा में अब विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए श्रीमती राधा ने छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक से 25 हजार रुपये का ऋण लिया है, जिसका उपयोग उन्होंने घरेलू आवश्यकताओं और छोटे कार्यों के लिए किया है। वर्तमान में वे महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह मिलने वाले 1000 रुपये से नियमित रूप से ऋण की किस्त भी जमा कर रही हैं, जिससे उनकी जिम्मेदारी और आर्थिक अनुशासन का उदाहरण सामने आता है। नियद नेल्लानार योजना के तहत संचालित सेवा एक्सप्रेस के माध्यम से स्व-सहायता समूह से जुड़कर आजीविका के नए अवसर भी प्राप्त किए हैं।
श्रीमती राधा का कहना है कि शासन की योजनाओं से उन्हें आत्मविश्वास मिला है और अब वे अपने परिवार के भविष्य को लेकर पहले से अधिक आश्वस्त हैं। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया है। आज जगरगुंडा जैसे दूरस्थ गांव में भी महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सरकारी योजनाओं का प्रभाव यह दर्शाता है कि विकास की रोशनी अब अंतिम छोर तक पहुंच रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *