छत्तीसगढ़

जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी उपलब्धि

सुकमा, 16 मार्च 2026/sns/-दूरस्थ अंचल सुकमा में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से सुकमा जिला अस्पताल में लगभग दो वर्षों से बंद पड़े अस्थि (हड्डी) रोग विभाग के ऑपरेशन दोबारा सफलतापूर्वक शुरू हो गए हैं। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल में 12 मार्च से हड्डी रोग से संबंधित सर्जरी का संचालन शुरू किया गया है। शुरुआत के पहले दो ही दिनों में चार जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए, जिससे जिले के मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
विशेषज्ञ डॉक्टर की नियुक्ति से मिली नई सुविधा
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों की सुविधाओं को देखते हुए डीएमएफ फंड के माध्यम से अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप वर्मा (एमएस ऑर्थाे) की नियुक्ति की है। उनके पदभार संभालते ही जिला अस्पताल में सर्जरी सेवाएं व्यवस्थित रूप से शुरू कर दी गईं। अब हड्डी से संबंधित गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को जिले से बाहर या निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने के लिए नहीं जाना पड़ेगा।
पहले दो दिनों में चार सफल ऑपरेशन
ऑपरेशन की शुरुआत बेहद सफल रही। 12 मार्च को तीन मरीजों की जटिल सर्जरी की गई। 13 मार्च को एक और सफल ऑपरेशन किया गया। सर्जरी से लाभान्वित होने वाले प्रमुख मरीजों में ग्राम बड़े मुरको के 45 वर्षीय बीरा मण्डावी (हाथ एवं पैर का ऑपरेशन), सुकमा के 40 वर्षीय नीतेश साहू (पैर का ऑपरेशन) और ग्राम किकिरपाल के 65 वर्षीय मड़कम मासे शामिल हैं। सभी मरीज फिलहाल जिला अस्पताल के सर्जरी ऑर्थाे वार्ड में भर्ती हैं और तेजी से स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रही सुविधा
मरीजों और उनके परिजनों ने जिला अस्पताल में मिल रही निःशुल्क सर्जरी सुविधा के लिए राज्य सरकार और अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है। सिविल सर्जन डॉ. एम.आर. कश्यप ने बताया कि जिला प्रशासन के विशेष पहल और सहयोग से यह सेवा फिर से शुरू हो सकी है। सुदूर क्षेत्र सुकमा के ग्रामीणों के लिए यह किसी बड़ी राहत से कम नहीं है, क्योंकि अब उन्हें अपने ही जिले में आधुनिक और निःशुल्क सर्जिकल चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
उम्मीद की किरण
स्वास्थ्य सेवाओं की यह नई पहल सुकमा जिले के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है और आने वाले समय में जिले के हजारों मरीजों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *