छत्तीसगढ़

आंगनबाड़ी केंद्र में लगा ‘अर्ली चाइल्डहुड केयर मेला’, बच्चों के समग्र विकास पर दिया गया जोर

अम्बिकापुर, 16 मार्च 2026/sns/- महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला-सरगुजा द्वारा एकीकृत बाल विकास परियोजना अम्बिकापुर (ग्रामीण) अंतर्गत सेक्टर मेंड्राकला स्थित लब्जी पंचायत भवन में ‘ईसीसीई (म्ंतसल ब्ीपसकीववक ब्ंतम) मेला/बाल मेला’ का आयोजन किया गया। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण संबंधी जागरूकता तथा प्रारंभिक बाल शिक्षा को समुदाय तक प्रभावी रूप से पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में सीडीपीओ बेस्था तिर्की, सेक्टर सुपरवाइजर अनीता सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बीडीसी श्रीमती शोभा बाई, सरपंच श्रीमती अनीता बाई भगत, उपसरपंच, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मेले में बच्चों के सीखने और विकास को प्रदर्शित करने के लिए कुल सात विषयगत लर्निंग कॉर्नर/स्टॉल लगाए गए। इनमें पोषण आहार, आओ मिलान करें, कहानी और कविता, आओ रास्ता खोजें, आवा काहिं काहिं बनाबो, छूओ, सूंघो और पहचानो तथा आवा खेलबो आऊ खिलाबो जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के बौद्धिक, रचनात्मक और संवेदनात्मक विकास से जुड़ी जानकारी दी गई।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रत्येक स्टॉल पर विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने लगभग 10-10 मिनट तक प्रत्येक लर्निंग कॉर्नर का अवलोकन किया। इस दौरान पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन आंगनवाड़ी केंद्रों में गतिविधि आधारित प्रारंभिक शिक्षा को सशक्त बनाने के साथ-साथ समुदाय को बच्चों के पोषण और विकास के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों के लिए सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *