छत्तीसगढ़

दुर्ग संभाग के अधीक्षण अभियंता ने किया कबीरधाम में सड़क निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण

कवर्धा, 14 मार्च 2026/sns/-दुर्ग संभाग के अधीक्षण अभियंता श्री बलवंत पटेल ने 11 एवं 12 मार्च 2026 को कबीरधाम जिले का दो दिवसीय विस्तृत दौरा कर जिले में संचालित सड़क निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के चारों विकासखंड- कवर्धा, लोहारा, बोड़ला एवं पंडरिया में विभिन्न सड़क योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की जमीनी स्तर पर प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री पटेल ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना (एमएमजीएसवाई), मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत प्रगतिरत सड़कों का अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से वनांचल क्षेत्रों बोड़ला एवं पंडरिया तथा ग्रामीण क्षेत्रों कवर्धा और लोहारा में बन रही सड़कों की भौतिक प्रगति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण किया।
दौरे के पश्चात अधीक्षण अभियंता श्री पटेल ने संबंधित ठेकेदारों एवं विभागीय अभियंताओं की संयुक्त समीक्षा बैठक भी ली। बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों के निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और डामरीकरण के मानकों में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत पिछड़ी जनजातीय बस्तियों को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कवर्धा, लोहारा, बोडला और पंडरिया विकासखंडों में चल रहे सभी अधूरे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके। अधीक्षण अभियंता ने ठेकेदारों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता की अनदेखी और लापरवाही पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *