राष्ट्रीय राजमार्ग से घुमंतू पशुओं को हटाने आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश
लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देशसुकमा, 05 अगस्त 2025/कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत चिन्हित ग्रामों में निवासरत जनजातीय परिवारों को शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ हर हाल में निर्धारित समय-सीमा में प्रदान किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने विशेष रूप से आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन प्रकरण, जाति व निवास प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की इन प्राथमिकता वाले कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
कलेक्टर ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत बड़े पैमाने पर पौधरोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह अभियान मातृ सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को लेकर चलाया जा रहा है, जिसमें जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। सड़क दुर्घटना में कमी लाने ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। संकेतक लगाने की कार्यवाही करें। राष्ट्रीय राजमार्ग में विचरण करने वाले पालतू पशुओं को रेडियम बेल्ट लगाने और मुख्य मार्ग से हटाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ भी फाइन लगाने की कार्यवाही भी शुरू करने की बात की गई। कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन और अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री गजेन्द्र ठाकुर, सर्व एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


