छत्तीसगढ़

निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा

कवर्धा, 4 अप्रैल 2026/sns/-नगर पालिका कवर्धा के सभाकक्ष में आयोजित इंजीनियरों, अधिकारियों एवं ठेकेदारों की महत्वपूर्ण बैठक में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने शहर में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने बैठक में अधोसंरचना, 15वें वित्त आयोग, विधायक निधि, डीएमएफ, समग्र शिक्षा, आंगनबाड़ी भवन, नालंदा परिसर, निकाय मद तथा अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य, प्रगतिरत और अप्रारंभ कार्य की जानकारी ली। कलेक्टर ने कार्यों की प्रगति और अप्रारंभ कार्य पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सभी एजेंसियां लक्ष्य निर्धारित कर तेजी से काम करें। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों और इंजीनियरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे समय पर डिजाइन एवं लेआउट उपलब्ध कराएं, ताकि ठेकेदार निर्धारित समय में कार्य प्रारंभ कर सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं ठेकेदारों को भी स्पष्ट निर्देश दिया गया कि समय पर काम शुरू नहीं करने पर पहले नोटिस, फिर ब्लैकलिस्टेड की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान गर्मी के मौसम का लाभ उठाते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। प्रत्येक 15 दिन की प्रगति का लक्ष्य तय कर उसी अनुरूप कार्य किया जाए तथा नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही इंजीनियरों को प्रतिदिन फील्ड में जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने चौपाटी निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लोहारा बाईपास से नवीन बाजार तक गौरव पथ निर्माण, अंबेडकर चौक से राजमहल चौक होते हुए समनापुर पुल-पुलिया, बीटी रोड एवं नाली निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने समनापुर रोड निर्माण में तेजी लाने और पहले रिक्त स्थानों पर तेजी से कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विधायक निधि से स्वीकृत शौचालय, आंगनबाड़ी मंच, सामुदायिक भवन सहित अन्य कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल अधिकारियों को अवगत कराया जाए, लेकिन कार्य रुकना नहीं होना चाहिए। बूढ़ा महादेव मंदिर क्षेत्र में बन रहे डोम, नालंदा परिसर एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स फेस-1 को निर्धारित समय में पूर्ण करने तथा फेस-2 की तैयारी पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य में निरंतरता बनी रहे।

कलेक्टर श्री वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के अनुरूप कम स्वीकृति पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों का सत्यापन कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति आवास से वंचित न रहे। उन्होंने आवास निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वर्मा ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिन हितग्राहियों के खाते में राशि जारी हो चुकी है, उनके आवास निर्माण कार्य में तत्काल तेजी लाई जाए और निर्धारित समय-सीमा में हर हाल में पूर्ण किया जाए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री आर बी देवांगन, तहसीलदार श्री परमेश्वर मंडावी, सीएमओ श्री रोहित साहू सहित संबंधित अधिकारी, इंजीनियर एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *