छत्तीसगढ़

वीबी-जी-रामजी अधिनियम 2025: जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

मुंगेली, 05 फरवरी 2026/sns/-  विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जी-रामजी) के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत सभाकक्ष में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को अधिनियम की विस्तृत जानकारी प्रदान करना तथा ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए उन्हें सक्षम बनाना रहा। कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, समस्त जिला पंचायत सदस्य, तीनों जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं जनपद पंचायत सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यशाला में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय सहित सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।
कार्यशाला के दौरान विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस अधिनियम के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिवस तक रोजगार की गारंटी प्रदान की गई है, जिससे ग्रामीण श्रमिकों की आय में वृद्धि के साथ-साथ उन्हें आर्थिक सुरक्षा भी प्राप्त होगी। कार्यशाला में जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन, कौशल विकास, कृषि एवं पशुपालन आधारित कार्यों के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं से निपटने हेतु अनुमेय कार्यों की श्रेणियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। यह भी स्पष्ट किया गया कि ग्राम सभाओं की भूमिका को सशक्त बनाते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का चयन एवं क्रियान्वयन किया जाएगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जानकारी दी कि वीबी-जी-रामजी योजना के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। योजना की पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, रियल टाइम मॉनिटरिंग एवं डैशबोर्ड प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे कार्यों की प्रगति पर सतत और प्रभावी निगरानी संभव हो सकेगी। कार्यशाला में उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योजना के तहत जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र ग्रामीण परिवार इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठा सकें। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित कर योजना को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वीबी-जी-रामजी योजना का स्वागत करते हुए इसके सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आपसी समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *